अपराध

7000

विष्णु प्रसाद मंडल की जमीन के कथित फर्जी दस्तावेज प्रकरण में एसडीएम की बड़ी कार्रवाई, 3 दिन में मांगा जवाब

चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)

अभनपुर/रायपुर। अभनपुर के चर्चित कथित फर्जी बंटवारा दस्तावेज और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर के मामले में CP Voice 24 की खबर का असर दिखाई दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभनपुर ने तत्कालीन हल्का पटवारी नवीन कुमार सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस में साफ कहा गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

25 सितंबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार थाना अभनपुर के अपराध क्रमांक 89/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 338, 336(4) और 3(5) के तहत दर्ज प्रकरण के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

नोटिस में उल्लेख है कि ग्राम पचेड़ा स्थित लगभग 1.60 हेक्टेयर (चार एकड़) भूमि से जुड़े कथित फर्जी बंटवारा और नामांतरण दस्तावेजों की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में विष्णु प्रसाद मंडल की भूमि से संबंधित दस्तावेजों में संदेहास्पद प्रविष्टियों की बात कही गई है। नोटिस के अनुसार रिकॉर्ड में मृत व्यक्ति के पिता का नाम वेदराम मंडल दर्ज किया गया था, जबकि वास्तविक दस्तावेजों से उसमें अंतर पाए जाने का उल्लेख किया गया है।

जांच में यह भी कहा गया है कि इन्हीं कथित दस्तावेजों के आधार पर मनोरंजन मंडल, अनु साहू, सरस्वती दास भांजा गौतम भक्त, गोबिंद, कंचन बर्मन के पक्ष में अवैध नामांतरण की कार्रवाई किये है। इसी मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी और 27 मई 2026 को तत्कालीन पटवारी नवीन कुमार सिन्हा को गिरफ्तार भी किया गया था।

एसडीएम कार्यालय ने नोटिस में पूर्व पटवारी से पूछा है कि शासकीय राजस्व अभिलेखों में कथित अनियमितता, कूटरचना और धोखाधड़ी जैसे आरोपों के चलते उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई क्यों न की जाए। साथ ही संबंधित भूमि, राजस्व रिकॉर्ड की अद्यतन स्थिति और उपलब्ध अभिलेखों के साथ विस्तृत लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभनपुर क्षेत्र में लंबे समय से चर्चा में रहे इस भूमि विवाद में राजस्व विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि विभागीय जांच में आगे और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं तथा दोषियों के खिलाफ अगला कदम क्या उठाया जाता है।

Show More

Related Articles

Back to top button