छत्तीसगढ़ में वाहन चेकिंग अभियान: 364 वाहनों पर कार्रवाई, ₹4.81 लाख का समन शुल्क वसूला

चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के सभी जिला परिवहन कार्यालयों ने संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया।

परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश (IAS) और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर (IPS) के निर्देश एवं मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 364 वाहनों पर कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार, वाहन चालकों से कुल 4 लाख 81 हजार 300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
बिना परमिट और फिटनेस वाले वाहन भी मिले
अभियान के दौरान सामने आए उल्लंघनों में 12 वाहन बिना परमिट संचालित पाए गए, जबकि 10 वाहनों के पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं था। इसी तरह, 3 वाहन बिना बीमा के संचालित हो रहे थे और 27 वाहनों के पास प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं मिला। इसके अतिरिक्त 236 वाहनों में अन्य कमियां या नियमों का उल्लंघन पाया गया।

5 वाहन जब्त, 19 मामलों में परमिट निरस्तीकरण की तैयारी
नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामलों में परिवहन विभाग ने मौके पर ही 5 वाहनों को जब्त किया। इसके अलावा, नियमों के विपरीत वाहन संचालन पाए जाने पर 19 मामलों में परमिट निरस्त करने के लिए अग्रिम प्रकरण तैयार किए गए हैं। इनमें से 17 मामले अकेले रायपुर जिले से संबंधित हैं।
परिवहन विभाग की वाहन मालिकों से अपील

परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वाहन संचालन से पहले वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें। साथ ही, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
विभाग के अनुसार, सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


