कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर चंदनीडीह में NDRF का रेस्क्यू अभियान जारी

198 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर पहुंचाया गया सुरक्षित स्थानों पर, अभियान लगातार जारी
चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)
रायपुर। बाढ़ प्रभावित ग्राम चंदनीडीह एवं श्रीलंका पारा में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए NDRF की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर लगातार बचाव अभियान चला रही है।

NDRF की टीम द्वारा अब तक 198 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है तथा स्थिति के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

रेस्क्यू के बाद प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2 एवं 3, सामुदायिक भवन दुर्गा चौक, सामुदायिक भवन रेतिखोली चंदनीडीह तथा शासकीय प्राथमिक शाला चंदनीडीह को सुरक्षित पुनर्वास स्थल के रूप में उपयोग किया जा रहा है। यहां प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक राहत एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

प्रशासन एवं बचाव दल द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य किए जा रहे हैं।


