शिक्षा
Trending

अमसेना स्कूल में बालिकाओं के लिए स्मार्ट शौचालय का भूमिपूजन, छात्राओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

चमन प्रकश केयर (कुर्रे)

आरंग/अमसेना । ग्राम पंचायत अमसेना स्थित गुरु घासीदास शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बालिकाओं की सुविधा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्मार्ट शौचालय निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच भोजराम साहू, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप झा, ग्रामीणजन, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। सरपंच भोजराम साहू एवं अतिथियों ने श्रीफल फोड़कर तथा भूमि पूजन कर स्मार्ट शौचालय निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मसम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप झा ने कहा कि स्मार्ट शौचालय के निर्माण से विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। इससे छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने इस जनहितकारी कार्य के लिए ग्राम पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास में पंचायत का सहयोग निरंतर मिल रहा है।

ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने भी विद्यालय में इस महत्वपूर्ण सुविधा की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट शौचालय बनने से छात्राओं को काफी राहत मिलेगी तथा विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक बेहतर एवं सुविधाजनक बनेगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बालिका शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर चंद्रमणि राय (उपसरपंच प्रतिनिधि), श्यामजीत (पंच), दुकालु टंडन (पंच प्रतिनिधि), अशोक टंडन (पंच प्रतिनिधि), करण सिंह ठाकुर (पंच), पीला दास बंजारे (रोजगार सहायक), संदीप बघेल, महाकालेश्वर बघेल, दिनेश तिवारी, अमरदास जांगड़े, लक्ष्मण तिवारी, बी.एल. मंगेशकर, तेजेंद्र यादव, भोजराम मनहरे, कवल हंसराज, द्वारिका कुर्रे, नंदकुमार ध्रुव, रूपेंद्र नेताम सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि स्मार्ट शौचालय का निर्माण पूर्ण होने के बाद छात्राओं को आधुनिक, स्वच्छ एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button