
हेरोइन सप्लाई नेटवर्क की इंड-टू-इंड जांच जारी, अन्य आरोपियों और ठिकानों की तलाश में दबिश
चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने हेरोइन तस्करी के एक मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए बैकवर्ड लिंक के आधार पर एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद प्रकरण में अब तक कुल 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस द्वारा हेरोइन की सप्लाई के स्रोत से लेकर पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की इंड-टू-इंड विवेचना की जा रही है।
यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
8.75 ग्राम हेरोइन और बिक्री रकम बरामद
पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 जून 2026 को टिकरापारा क्षेत्र के भाठागांव स्थित नया बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह मट्टू (26) निवासी न्यू खुर्सीपार, भिलाई तथा ऋषि साहू (26) निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़, हाल पता सुंदर नगर, रायपुर को गिरफ्तार किया था।
दोनों आरोपियों के कब्जे से 8.75 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपये, तथा बिक्री रकम 2,050 रुपये बरामद की गई थी। कुल जप्ती की कीमत करीब 1 लाख 72 हजार 50 रुपये बताई गई है। मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 517/26, धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई का लिंक
पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने हेरोइन की सप्लाई दुर्ग जिले के भिलाई निवासी विक्रम सिंग उर्फ शेखर अन्ना से प्राप्त करना बताया।
इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर विक्रम सिंग की लगातार पतासाजी शुरू की। संभावित ठिकानों और उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल फोन जब्त, नेटवर्क की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपी विक्रम सिंग उर्फ शेखर अन्ना (30 वर्ष) निवासी न्यू खुर्सीपार पंजाबी मोहल्ला, जागीर चौक, भिलाई, जिला दुर्ग के कब्जे से प्रकरण से संबंधित एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस अब मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से हेरोइन की सप्लाई, सप्लाई के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में इंड-टू-इंड विवेचना जारी है तथा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पतासाजी और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई लगातार जारी है।



