अपराध
Trending

गृहमंत्री का निज सहायक बनकर नौकरी दिलाने का झांसा, दो आरोपी गिरफ्तार

नौकरी-ट्रांसफर का खेल! 15 लोगों से करीब 25 लाख ऐंठने का खुलासा, 70 हजार लेकर भी नहीं दिलाई नौकरी

चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)

रायपुर। सरकारी नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा किया और इनमें से एक ने खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताकर लोगों को झांसा दिया। पूछताछ में करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है।

प्रार्थी बोस्टो तांडी की शिकायत के अनुसार आरोपी आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। आदित्य मोहन पंडा ने कथित तौर पर खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताया और नौकरी लगवाने के नाम पर प्रार्थी से 70 हजार रुपये लिए। रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगाई गई।

शिकायत के बाद थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने नौकरी लगाने के साथ-साथ ट्रांसफर कराने के नाम पर भी कई लोगों से रकम ली। अब तक करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य मोहन पंडा, उम्र 23 वर्ष, निवासी कमल विहार रायपुर और संतराम यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी हिमालया हाइट्स देवपुरी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब ठगी के अन्य पीड़ितों और आरोपियों से जुड़े संभावित लोगों की जानकारी जुटा रही है।

आरोपियों के विरुद्ध धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की पूछताछ अभी जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button