
चमन प्रकाश | रायपुर
राजधानी रायपुर के कचना क्षेत्र स्थित स्वास्तिक नगर कॉलोनी में पिछले एक वर्ष से पेयजल संकट बना हुआ है। यहां निवासरत करीब 850 परिवारों को रोज़ाना पानी के लिए भारी संघर्ष करना पड़ रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि लोगों ने कई बार जोन कार्यालय और नगर निगम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल “आज-कल” कहकर मामले को टालते रहे हैं, जिससे समस्या दिन-ब-दिन और विकराल होती जा रही है।
महीने में आधे दिन भी नहीं आता पानी
स्वास्तिक नगर कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि कई बार तो महीने में आधे दिन भी पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन की कोई व्यवस्था नहीं है, और पूरे क्षेत्र की निर्भरता केवल एक बोर पर है। इसी एक बोर से सभी 850 परिवारों को पानी भरना मजबूरी बन गया है।
स्थिति को और कठिन बनाता है यह तथ्य कि कॉलोनी की सभी इमारतें तीन मंज़िला हैं। लोगों को नीचे से पानी भरकर तीसरी मंज़िल तक ले जाना पड़ता है, जो बुज़ुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए बेहद कष्टदायक है।
पीएम आवास योजना के तहत बसाई गई है कॉलोनी
स्वास्तिक नगर कॉलोनी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राजधानी के अलग-अलग इलाकों की झुग्गियों में रहने वाले परिवारों को बसाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। स्थानीय निवासियों डुगेंद्र साहू, दुर्गा और महेंद्र जटवार ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले यहां बसाहट शुरू हुई थी। जैसे-जैसे परिवारों की संख्या बढ़ती गई, वैसे-वैसे पानी की समस्या भी गंभीर होती चली गई, लेकिन आज तक जलापूर्ति के लिए कोई ठोस योजना लागू नहीं की गई।
निवासियों की मांग है कि कॉलोनी में कम से कम एक अतिरिक्त बोर खनन कराया जाए, ताकि सभी परिवारों को समय पर और पर्याप्त पानी मिल सके।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने लिया जायज़ा
स्थानीय लोगों की शिकायत पर मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी स्वास्तिक नगर पहुंचे और मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की गंभीर समस्या को देखते हुए जोन कमिश्नर को तत्काल टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अस्थायी राहत मिल सके।
इसके साथ ही आकाश तिवारी ने अधिकारियों से एक नया बोर खनन जल्द से जल्द कराने को भी कहा, जिससे स्थायी समाधान निकल सके।
गर्मी को देखते हुए निगम की तैयारी बैठक
इसी दिन नगर निगम के जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू और जोन अध्यक्ष क्रमांक 3 साधना प्रमोद साहू की अध्यक्षता में जोन कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों की समीक्षा करना था।
बैठक में पार्षदों की अनुशंसा पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि: वार्डों में आवश्यकता अनुसार तत्काल बोर खनन कराया जाए पेयजल प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से टैंकर भेजे जाएं टैंकर से जलापूर्ति के लिए स्थानों का चिन्हांकन किया जाए l बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में पार्षद प्रदीप वर्मा, कैलाश बेहरा, पुष्पा रोहित साहू, राजेश गुप्ता, जोन कमिश्नर प्रीति सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अब भी इंतज़ार स्थायी समाधान का
हालांकि अधिकारियों की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन स्वास्तिक नगर के निवासी अब भी स्थायी समाधान का इंतज़ार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब तक पाइपलाइन या अतिरिक्त बोर की व्यवस्था नहीं होती, तब तक यह समस्या बनी रहेगी।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम के आश्वासन ज़मीन पर कितनी जल्दी उतरते हैं, या फिर 850 परिवारों को आने वाले दिनों में भी पानी के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।



