
चमन प्रकाश केयर (कुर्रे )
रायपुर। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय शालेय बालिका कबड्डी क्रीड़ा प्रतियोगिता का सफल आयोजन रायपुर के प्रगति मैदान, पंडरी में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में धरसीवां ब्लॉक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों आयु वर्गों में जीत दर्ज कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जोन अध्यक्ष डॉ. प्रमोद साहू के मुख्य आतिथ्य में बजरंगबली जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं श्रीफल फोड़कर किया गया। प्रतियोगिता का संचालन खेल संयोजक बुद्धेश्वरी साहू के नेतृत्व में हुआ।

जिले के चारों विकासखंड आरंग, अभनपुर, तिल्दा एवं धरसीवां से चयनित बालिका खिलाड़ियों ने 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिनमें धरसीवां की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए सभी वर्गों में विजय प्राप्त की।
14 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में धरसीवां ने अभनपुर को पराजित किया।
17 वर्ष आयु वर्ग में भी धरसीवां ने अभनपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया।
वहीं 19 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में धरसीवां ने आरंग को मात देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इन शानदार जीतों के साथ धरसीवां ब्लॉक ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जहां वे रायपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद साहू ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि कबड्डी भारत का प्राचीन एवं गौरवशाली खेल है, जो केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बल्कि मानसिक मजबूती, टीम भावना, रणनीतिक सोच एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का भी विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती छाया प्रकाश राव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल कौशल का बेहतर प्रदर्शन करने तथा अनुशासन एवं खेल भावना बनाए रखने की प्रेरणा दी। वहीं सेवानिवृत्त क्रीड़ाधिकारी सेवाराम साहू ने कबड्डी को गांव-गांव का लोकप्रिय खेल बताते हुए कहा कि यह खेल संघर्ष, धैर्य, सहनशीलता और हार-जीत से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

प्रतियोगिता के दौरान जिले के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्यायाम शिक्षक भोजराम मनहरे ने किया तथा अंत में खेल संयोजक बुद्धेश्वरी साहू ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक परमानंद टिकरिहा, प्रकाश कश्यप, सी.के. वर्मा, सरिता देवांगन, पोमन लाल तरक, प्रदीप यदु, अमित चंद्राकर, पंचराम कौशिक, विवेक साहू, ओंकेश्वर सोनवानी, ज्योति अग्रवाल, जगदीश कुर्रे, जेवियर दत्ता, नोतन साहू, लिलेश्वरी साहू, पुष्कर साहू सहित बड़ी संख्या में कोच, मैनेजर, व्यायाम शिक्षक, प्रभारी शिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु
- धरसीवां ब्लॉक बना जिला स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन।
- 14, 17 और 19 वर्ष तीनों आयु वर्गों के खिताब धरसीवां के नाम।
- चयनित खिलाड़ी अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।




