IITF-2026 में छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प और हैंडलूम उत्पादों की धूम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ‘कोशल फैब’ कैटलॉग का विमोचन

चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)
नई दिल्ली/रायपुर,l नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF-2026) में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और आधुनिक हैंडलूम उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है। मेले में छत्तीसगढ़ मंडप के अंतर्गत प्रदर्शित ‘शिल्प कुंज’ और राज्य के आधुनिक हैंडलूम ब्रांड ‘कोशल फैब’ ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित के प्रीमियम लाइफस्टाइल एवं संस्थागत हैंडलूम ब्रांड ‘कोशल फैब – Heritage Reimagined’ के आधिकारिक कैटलॉग का विमोचन किया।

इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कोशल फैब के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनकरी को आधुनिक डिजाइन, बेहतर ब्रांडिंग और नए बाजारों से जोड़ने की पहल की सराहना की।
बुनकरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल
‘फार्म-टू-लूम’ और ‘लूम-टू-मार्केट’ की अवधारणा पर आधारित कोशल फैब का उद्देश्य ग्रामीण बुनकरों और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थागत खरीदारों, बी2बी कारोबार और रिटेल बाजार तक पहुंचाना है। कैटलॉग में चांपा की प्रसिद्ध कोसा सिल्क, अलसी फैब्रिक तथा सरगुजा के बैगा सूती वस्त्रों से तैयार आधुनिक परिधानों और लाइफस्टाइल उत्पादों को शामिल किया गया है।

ब्रांड के उत्पादों में आधुनिक ऑफिस वियर, जैकेट, कुर्तियां, स्ट्राइप्ड फॉर्मल शर्ट, हैंडलूम योगा मैट, बैग और होम डेकोर उत्पाद प्रमुख हैं। इन उत्पादों में पारंपरिक बुनाई और आधुनिक उपयोगिता का समन्वय देखने को मिलता है।
‘शिल्प कुंज’ में बस्तर की महिला शिल्पकारों की कला आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने छत्तीसगढ़ मंडप में ‘शिल्प कुंज’ एवं ‘कोशल फैब’ के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सुकमा और बस्तर क्षेत्र की जनजातीय महिला शिल्पकारों से संवाद कर उनके द्वारा तैयार किए जा रहे हस्तशिल्प उत्पादों की जानकारी ली।

महिला कारीगरों द्वारा निर्मित इको-फ्रेंडली प्लश टॉयज (सॉफ्ट टॉयज), बेलमेटल, टेराकोटा और बांस शिल्प की कलाकृतियों ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने इन उत्पादों की बारीकियों और पारंपरिक कला की सराहना की। यह पहल महिला स्व-सहायता समूहों, ग्रामीण कारीगरों और पारंपरिक शिल्पकारों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
क्यूआर कोड से जुड़ेगी उत्पादों के पीछे की कहानी
कोशल फैब की प्रदर्शनी में डिजिटल तकनीक का भी उपयोग किया गया है। स्टॉल और उत्पादों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके ग्राहक संबंधित उत्पाद को तैयार करने वाले कारीगर तथा छत्तीसगढ़ की बुनकर विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे उत्पादों के साथ कारीगरों की पहचान और उनकी कला की कहानी भी खरीदारों तक पहुंचेगी।

पर्यावरण अनुकूल उत्पादों पर विशेष जोर
कोशल फैब की प्रदर्शनी में शुद्ध सूती धागों से पारंपरिक बॉर्डर वाली प्रीमियम हैंडलूम योगा मैट, प्राकृतिक रेशों से बने परिधान और टिकाऊ लाइफस्टाइल उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। कोसा-अलसी फैब्रिक से तैयार जैकेट और आधुनिक ऑफिस वियर भी आकर्षण का केंद्र हैं। वहीं स्ट्राइप्ड एवं चेकर्ड शर्ट और कुर्तों में पारंपरिक बुनाई को आधुनिक फैशन के अनुरूप प्रस्तुत किया गया है।

स्थानीय हुनर को बड़े बाजार तक पहुंचाने का प्रयास
IITF-2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के बुनकरों, महिला शिल्पकारों और ग्रामीण उद्यमियों को नई पहचान दिलाने का मंच भी बन रही है। ‘शिल्प कुंज’ और ‘कोशल फैब’ के माध्यम से पारंपरिक कला, आधुनिक डिजाइन, डिजिटल पहचान और बाजार की मांग को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों को नए खरीदारों तक पहुंचाने और बुनकरों एवं शिल्पकारों के लिए विपणन के नए अवसर विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।




