
रायपुर पुलिस की सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई, 2.72 लाख रुपये का गांजा जब्त
चमन प्रकाश केयर ( कुर्रे )
रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक व्यक्ति को 5.448 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत पुलिस ने करीब 2 लाख 72 हजार 400 रुपये बताई है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ के पास खड़ा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को टिकरापारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड सुलभ के पास एक व्यक्ति काले रंग के ट्रॉली बैग में अवैध गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। मुखबिर ने आरोपी के नीले रंग के लोअर और हरे रंग की टी-शर्ट पहने होने की जानकारी भी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.448 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सामू माडी, पिता मुका माडी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम टोंडापाली, वार्ड नंबर 02, थाना मलकानगिरी, जिला मलकानगिरी, ओडिशा बताया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 924/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुडिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशु अग्रवाल के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र धनगर सहित टिकरापारा थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



