सेवा सेतु शिविरों में होगा आवेदनों का त्वरित निराकरण प्रमुख सचिव ने नागरिकों से की शिविर में पहुंचने की अपील..नगरीय प्रशासन के संचालक ने दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरीय निकायों में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास के संचालक श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने 10 वार्डों के लिए एक सेवा सेतु शिविर आयोजित करने, शिविरों में प्राप्त आवेदनों का सेवा सेतु के माध्यम से पंजीयन कराने और संबंधित विभागों से उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और नागरिकों को नगरीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।

प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने कहा है कि नागरिक अपने क्षेत्र में निर्धारित तिथि पर आयोजित सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर शासकीय योजनाओं एवं नगरीय सेवाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन कर चुके नागरिकों से भी आवेदन से संबंधित जानकारी और आवश्यक दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचने को कहा है, ताकि उन्हें अपने आवेदन की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
सेवा सेतु शिविरों में मौके पर प्राप्त आवेदनों का पंजीयन किया जा रहा है। ऑनलाइन माध्यम से पहले से प्राप्त आवेदनों को भी संबंधित प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। पंजीयन के बाद आवेदन संबंधित विभाग को भेजे जा रहे हैं और उनके निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत 10 वार्डों के लिए एक सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जा रहा है। नगरीय निकायों में शिविरों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गयी हैं। निर्धारित तिथि पर संबंधित वार्डों के नागरिक और लाभार्थी शिविर में पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं। शिविरों में विभिन्न विभागों के काउंटर और हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गयी है।
शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम स्वनिधि, स्वच्छ भारत मिशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, पेयजल एवं विद्युत सेवाओं सहित विभिन्न शासकीय एवं नगरीय सेवाओं से संबंधित मामलों के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। नागरिकों को संबंधित सेवा की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन से जुड़ी जानकारी भी शिविर स्थल पर दी जा रही है।
24 सितंबर की स्थिति के अनुसार नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में कुल 357 सेवा सेतु शिविरों का आयोजन दर्ज है। इनमें नगर निगम क्षेत्र के 120, नगर पालिका क्षेत्र के 112 और नगर पंचायत क्षेत्र के 125 शिविर शामिल हैं। इन शिविरों में 1,136 हेल्पडेस्क एवं काउंटर की व्यवस्था तथा 4,241 जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता दर्ज है। शिविरों में प्राप्त 286 आवेदनों में 144 का निराकरण किया गया है, जबकि 142 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।

अलग-अलग नगरीय क्षेत्रों में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण-पत्र, सफाई सहित अन्य नगरीय सेवाओं से जुड़े मामलों को स्थानीय स्तर पर लिया जा रहा है। संबंधित विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके क्षेत्र के नजदीक सेवाएं उपलब्ध कराने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा रहा है।


