छत्तीसगढ़
Trending

ब्लैक स्पॉट पर सुधार और सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की बैठक यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, अवैध अतिक्रमण हटाने और ओवर-स्पीडिंग पर कार्रवाई के निर्देश

चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)
रायपुर। रायपुर जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों को लेकर बुधवार को परिवहन सचिव एस. प्रकाश की अध्यक्षता में मंत्रालय (महानदी भवन) में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में टाटीबंध, भाठागांव, बेनता-भुंइया, सिलतरा ओवरब्रिज-निको गेट तथा पारागांव-निसदा मोड़ सहित अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को बिलासपुर हाईकोर्ट के निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
परिवहन सचिव ने सड़कों पर किए गए अनाधिकृत अतिक्रमण और अवैध ढाबों को हटाने की कार्रवाई तेज करने को कहा। साथ ही शराब दुकानों के आसपास सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रकाश व्यवस्था एवं आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
डिवाइडर कटिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने पर सख्ती
बैठक में डिवाइडर कटिंग की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा ओवर-स्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई के साथ जरूरत के अनुसार यातायात नियंत्रण के उपाय लागू करने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के लिए सड़क की स्थिति, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण जैसे विभिन्न पहलुओं पर समन्वित रूप से काम किया जाएगा।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परिवहन आयुक्त, अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) के अधिकारी, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, आबकारी, परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारियों के अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विभागवार चर्चा करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Show More

Related Articles

Back to top button