छत्तीसगढ़
Trending

ब्लैक स्पॉट पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 15 वाहनों पर ₹31,200 का जुर्माना

टाटीबंध से पारागांव-निस्दा मोड़ तक सघन जांच; रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अनधिकृत पार्किंग पर कार्रवाई, ग्रामीणों को भी किया जागरूक

चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)

रायपुर। जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। बिलासपुर उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन आयुक्त कार्यालय के मार्गदर्शन में परिवहन उड़नदस्ता रायपुर की टीम ने जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की।

Oplus_16908288

अभियान के दौरान टाटीबंध, भाटागांव, बेमता-भूमिया मार्ग, सिलतरा ओवरब्रिज-निको कंपनी गेट तथा पारागांव-निस्दा मोड़ जैसे चिन्हित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच की गई। इन क्षेत्रों में पूर्व में न्यायालय द्वारा नियुक्त कोर्ट कमिश्नर के निरीक्षण के दौरान भी सड़क सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न कमियां सामने आई थीं।

रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर कार्रवाई

उड़नदस्ता टीम ने टाटीबंध क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। टीम के अनुसार घुमावदार चौक होने के कारण इस क्षेत्र में गलत दिशा से वाहन चलाने के मामले सामने आए। वाहन चालकों को भविष्य में इस तरह यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की समझाइश भी दी गई।

इसी तरह भाटागांव और सिलतरा ओवरब्रिज से निको कंपनी गेट मार्ग पर भी रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मौके पर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

डिवाइडर काटकर बनाए रास्तों पर भी नजर

Oplus_16908288

बेमता-भूमिया मार्ग पर मुख्य रायपुर-बिलासपुर मार्ग की आवाजाही के बीच स्थानीय लोगों द्वारा सुविधा के लिए डिवाइडर काटकर बनाए गए रास्तों को भी टीम ने गंभीरता से लिया। विभाग के अनुसार ऐसे अनधिकृत कट विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का जोखिम बढ़ा सकते हैं।

टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करने के साथ डिवाइडर के कटे हुए रास्तों का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी। इन रास्तों के उपयोग को रोकने के लिए संबंधित स्थानों पर लोहे की जाली लगाए जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को किया जागरूक

Oplus_16908288

पारागांव-निस्दा मोड़ के घुमावदार मार्ग पर डिवाइडर काटकर बनाए गए रास्ते को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। टीम ने स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, आम नागरिकों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मुख्य मार्ग का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने की समझाइश दी।

15 वाहनों से 31,200 रुपये का चालान

निरंतर जांच अभियान के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अनधिकृत पार्किंग के मामलों में कुल 15 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 31,200 रुपये का जुर्माना किया गया।

परिवहन विभाग ने कहा है कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित निरीक्षण, जन-जागरूकता और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button