
लोककला, पंथी नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
चमन प्रकाश केयर (कुर्रे)
रायपुर/अमसेना। राजधानी रायपुर से लगे ग्राम अमसेना में राजागुरु धर्मगुरु गुरुबालकदास साहेब जी की जयंती समारोह का आयोजन 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा। राजागुरु गुरुबालकदास युवा समिति अमसेना के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में संत समाज, सामाजिक प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। आयोजन को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री एवं युवराजगुरु धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब जी शामिल होंगे। उनके साथ युवराजगुरु धर्मगुरु गुरु सौरभ साहेब जी, अध्यक्ष जिला पंचायत रायपुर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। आयोजन में राजागुरु गुरुबालकदास साहेब के विचारों, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

श्रद्धा के साथ शुरू होगा कार्यक्रम
आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे ज्योति प्रज्वलन के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे प्रसिद्ध कलाकार श्रीमती तारा कुलकर्णी (मोर छत्तीसगढ़ धरोहर) की विशेष प्रस्तुति होगी। वहीं शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी।
कार्यक्रम में शाम 5 बजे डॉ. राजेंद्र मिलन रंगीला (लोककला मंच) की प्रस्तुति प्रस्तावित है। शाम 5:30 बजे अतिथियों का आगमन एवं स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे से सेवाराम में पंथी अखाड़ा द्वारा पंथी नृत्य की प्रस्तुति होगी। शाम 7 बजे अतिथियों का उद्बोधन होगा, जिसमें सामाजिक एकता, शिक्षा, युवाओं की भूमिका और समाज के विकास जैसे विषयों पर संदेश दिए जाने की संभावना है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रात्रि 11 बजे से पद्मश्री ऊषा बारले (ज्ञान स्रोत) की प्रस्तुति होगी।
सामाजिक एकता और युवा सहभागिता पर रहेगा जोर

आयोजन समिति के अनुसार, राजागुरु धर्मगुरु गुरुबालकदास साहेब जयंती समारोह केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और युवा सहभागिता का संदेश देने वाला कार्यक्रम भी है। समिति द्वारा समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।
समारोह में जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष माननीय श्री नवीन अग्रवाल जी अध्यक्षता करेंगे। वहीं जनपद पंचायत आरंग की अध्यक्ष श्रीमती टाकेश्वरी मल्लू साहू, सतनामी समाज विकासखंड आरंग के अध्यक्ष श्री यशवंत टंडन, समोदा मंडल अध्यक्ष श्री देवकुमार साहू, सरपंच संघ आरंग के अध्यक्ष श्रीमती प्रेमिन संतराम वर्मन, अमसेना माठ वाले श्री शिवशंकर अग्रवाल (दाऊ जी) सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने किया समाज के लोगों से पहुंचने का आह्वान
समारोह के आयोजन में राजकुमार बघेल (संस्थापक/संरक्षक एवं पूर्व सरपंच अमसेना), रमेश (गोल देवान), सरपंच भोजराम साहू, सरस्वती उपसरपंच चंद्रमणी राय, पत्रकार चमन प्रकाश केयर (कुर्रे), ललनसिंह महिपाल सहित समिति एवं ग्राम के अनेक लोगों की सहभागिता है।आयोजकों ने कहा कि राजागुरु धर्मगुरु गुरुबालकदास साहेब की जयंती समाज के लिए श्रद्धा, प्रेरणा और सामाजिक चेतना का अवसर है। समारोह के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के विचारों और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
समिति ने सभी सतनामी समाज, संत समाज, मानव समाज, ग्रामवासियों, युवाओं और सामाजिक प्रतिनिधियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।



