व्यापार
Trending

आईडीबीआई बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से की सौजन्य भेंट, ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

रायपुर। आईडीबीआई बैंक के मुख्य महाप्रबंधक एवं छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा के प्रभारी श्री सुजीत कुमार के नेतृत्व में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने 25 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह तथा पंचायती राज मंत्री श्री विजय शर्मा से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में बैंक के वर्तमान नेटवर्क और बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की भावी योजनाओं की जानकारी दी। नियमित बैंक शाखाओं के साथ ही सीएससी मॉडल के अंतर्गत संचालित ‘समीप’ केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने की योजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

किसानों को नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर

बैठक में धान की कटाई के बाद किसानों को सुगम एवं निर्बाध नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध कराने का विषय प्रमुखता से उठा। सहकारी बैंकों के माध्यम से मिल रही सुविधाओं को अतिरिक्त सहयोग प्रदान करते हुए किसानों की नकदी तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। इस पर आईडीबीआई बैंक ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जनजातीय संस्कृति एवं लोकगीतों के संरक्षण में करेगा सहयोग

आईडीबीआई बैंक ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रमों के तहत छत्तीसगढ़ की जनजातीय लोकगीतों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। बैंक की ओर से स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए वाद्ययंत्र, ध्वनि प्रणाली तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग देने की बात कही गई।

बैठक में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, किसानों को बेहतर नकदी निकासी सुविधा उपलब्ध कराने और जनजातीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

अंत में आईडीबीआई बैंक ने छत्तीसगढ़ के समावेशी विकास एवं सर्वांगीण प्रगति के लिए राज्य सरकार के साथ निकट समन्वय बनाकर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Show More

Related Articles

Back to top button