छत्तीसगढ़
Trending

सीएमएचओ हटाओ, सरकारी अस्पताल बचाओ के नारों से गूंजा बलौदाबाजार, BSP ने CMHO कार्यालय का किया घेराव

हजारों की संख्या में आमजन, कार्यकर्ता और समर्थक हुए शामिल; स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और CMHO को पद से हटाने की उठाई मांग

बलौदाबाजार,| जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) जिला इकाई बलौदाबाजार-भाटापारा ने मंगलवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का विशाल घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन में हजारों की संख्या में आमजन, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूरा शहर “सीएमएचओ हटाओ, सरकारी अस्पताल बचाओ” और “अच्छा सुविधा पाइये, सीएमएचओ को हटाइये” जैसे नारों से गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जाहिर की।

बहुजन समाज पार्टी का आरोप है कि जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। मरीजों को समय पर समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी अस्पताल गरीब, मजदूर, किसान और जरूरतमंद परिवारों के लिए उपचार का सबसे बड़ा सहारा हैं। इन अस्पतालों का संचालन जनता के टैक्स से होता है, ऐसे में आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। इसके बावजूद यदि अस्पतालों में अव्यवस्था और लापरवाही बनी रहती है, तो इसका सीधा नुकसान गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उठाना पड़ता है।

आंदोलन के माध्यम से बहुजन समाज पार्टी ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी को पद से हटाये जाने की मांग किये।

वही बसपा पार्टी के लोगों ने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button