
चमन प्रकाश l
रायपुर |
राजधानी रायपुर के रामनगर क्षेत्र में आम लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही आरोपी अलग-अलग जगहों पर धारदार हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे।
पहला मामला: मंदिर के पास मचा रहा था आतंक
चौकी रामनगर थाना गुढ़ियारी पुलिस को सूचना मिली कि गोपाल नगर गली स्थित हाथीराम मंदिर के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी आदि मानकर (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 126/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।

दूसरा मामला: रेलवे पटरी किनारे कर रहा था उत्पात
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने रामनगर क्षेत्र के रेलवे पटरी किनारे चाकू लेकर लोगों को धमका रहे युवक को पकड़ा। आरोपी की पहचान शंकर श्रीवास उर्फ इल्ले (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से भी एक धारदार चाकू जब्त किया और आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 127/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी डीसीपी नॉर्थ जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
रामनगर क्षेत्र में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लगातार हो रही चेकिंग और सख्ती से इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत होती नजर आ रही है l



