विकास की रफ्तार तेज: गुरु खुशवंत साहेब जी के प्रयासों से आरंग को 2.17 करोड़ की नई सड़क की सौगात

चमन प्रकाश |
आरंग | रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और भारतीय जनता पार्टी के सुशासन मॉडल के तहत आरंग विधानसभा क्षेत्र को एक और महत्वपूर्ण विकास कार्य की मंजूरी मिली है। चकवे से परसदा तक लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना को राज्य शासन से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस परियोजना पर ₹217.53 लाख की लागत आएगी और इसे वर्ष 2024–25 के बजट में शामिल किया गया है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह सड़क ग्रामीण मूलभूत सेवा योजना के अंतर्गत बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ यातायात सुविधा मिलेगी। इससे न केवल दैनिक आवागमन आसान होगा, बल्कि कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।
आरंग विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी, उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव जी तथा वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी जी का आभार व्यक्त किया।
गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के हित में लगातार ठोस निर्णय ले रही है। लोक निर्माण विभाग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा नई कार्यसंस्कृति स्थापित की जा रही है, वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के कुशल आर्थिक प्रबंधन से विकास कार्यों को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने आगे कहा कि यह सड़क आरंग क्षेत्र के विकास को नई गति देगी और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी। भाजपा सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, और आरंग विधानसभा इस संकल्प का सशक्त उदाहरण बनती जा रही है।



