शिक्षा
Trending

मेधा का सम्मान: रायपुर में 239 टॉप विद्यार्थियों को मिले डेढ़-डेढ़ लाख रुपये

चमन प्रकाश |

रायपुर, | छत्तीसगढ़ में शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के 239 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। यह समारोह लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित किया गया।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सत्र 2024 एवं 2025 के टॉप-10 मेधावी तथा विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के टॉप विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, गोल्ड-सिल्वर मेडल एवं प्रत्येक छात्र को ₹1.5 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन की पहली सीढ़ी होती है, जो भविष्य की दिशा तय करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलता से निराश न होकर नए अवसरों की खोज करने, नवाचार और मौलिक सोच अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को सराहनीय बताया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विद्यार्थी देश और प्रदेश का भविष्य हैं। उनकी सफलता के पीछे माता-पिता और गुरुओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं।

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2024 के 110 और वर्ष 2025 के 129 विद्यार्थियों को यह सम्मान दिया गया है। इस प्रोत्साहन से छात्रों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रेणु जी. पिल्ले ने स्वागत भाषण दिया तथा सचिव श्रीमती पुष्पा साहू ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायकगण, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button