धर्म
Trending

भनपुरी में श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ: रुखमणी विवाह प्रसंग में झूमे श्रद्धालु, विधायक मोतीलाल साहू का बयान – जल्द आएगा राम राज्य

चमन प्रकाश |

रायपुर। राजधानी के भनपुरी क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां जय बजरंग बली मानस मंडली के तत्वावधान में श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन 12 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।

इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के काशी से पधारे प्रसिद्ध भागवताचार्य अनिल शास्त्री महाराज द्वारा विगत छह दिनों से श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान कराया जा रहा है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के बाल चरित्र, गोवर्धन लीला, रास लीला सहित विभिन्न प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

रुक्मिणी विवाह प्रसंग में झूमे श्रद्धालु

श्रीमद् भागवत सप्ताह के छठवें दिन रुक्मिणी विवाह प्रसंग का भव्य आयोजन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी विवाह का प्रसंग शुरू हुआ, पूरा पंडाल “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। भक्त भक्ति में सराबोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। वातावरण पूरी तरह से कृष्णमय हो गया।

विधायक मोतीलाल साहू रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधायक मोतीलाल साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कथा का श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान भागवताचार्य अनिल शास्त्री महाराज द्वारा अतिथियों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अम्बिका साहू, भनपुरी मंडल अध्यक्ष मनोज जोशी, भाजपा नेता अरविंद सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के कार्यालय प्रभारी विशाल शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जल्द ही पूरे देश में आएगा राम राज्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना हो रही है और जल्द ही पूरे देश में राम राज्य की स्थापना होगी।

उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।

भक्तिमय माहौल, उमड़ा जनसैलाब

श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि सप्ताह के समापन दिवस पर हवन, पूर्णाहुति और भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

Show More
Back to top button